राज कुमार संतोषी ने अपनी आगामी और बहुचर्चित फिल्म 'गांधी गोड़से एक युद्ध' का टीजर रिलीज कर दिया है।
02 Jan, 2023 05:50 PMनई दिल्ली/ टीम डिजिटल। साल 2023 की एक नई शुरुआत हो चुकी है इस मौके पर राज कुमार संतोषी ने अपनी आगामी और बहुचर्चित फिल्म 'गांधी गोड़से एक युद्ध' का टीजर रिलीज कर दिया है। फिल्म के टीजर में साल 1947 से 1948 के बीच नाथूराम गोड़से और महात्मा गांधी के बीच वैचारिक युद्ध को दिखाया गया है। बता दें कि यह फिल्म गणतंत्र दिवस यानी 26 जनवरी 2023 के दिन सिनेमाघरों में दस्तक देने को तैयार है।
इस फिल्म के जरिए तनीषा संतोषी और अनुज सैनी बॉलीवुड इंडस्ट्री में डेब्यू करने जा रहे हैं। फिल्म में ऐतिहासिक किरदारों को दीपक अंतानी, चिन्मय मंडलेकर, आरिफ जकारिया और पवन चोपड़ा जैसे प्रतिभाशाली कलाकारों ने निभाया है। 'गांधी गोड़से एक युद्ध' के टीजर के जरिए मेकर्स ने दर्शकों को महात्मा गांधी और नाथूराम गोडसे के विचारों की एक शानदार झलक पेश की है।
'गांधी गोडसे एक युद्ध' काल्पनिक दुनिया के इर्द-गिर्द घूमती है जहां महात्मा गांधी हमले में बच जाते हैं और बाद में जेल में नाथूराम गोडसे से मिलते हैं, उनकी एक दूसरे से की गई बातचीत एक उग्र बहस की ओर ले जाती है। 'गांधी गोडसे एक युद्ध' को राजकुमार संतोषी ने निर्देशित किया है, वहीं एआर रहमान ने फिल्म को संगीत दिया है। फिल्म 26 जनवरी 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।